मुरादाबाद। जुमा अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस दौरान जामा मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पर कई जगहों पर प्रतिबंध रहेगा और कुछ मार्गों पर केवल पैदल आवाजाही की अनुमति होगी।
जारी प्लान के अनुसार ताजपुर माफी तिराहा से जामा मस्जिद की ओर किसी भी बड़े या छोटे वाहन का प्रवेश नहीं होगा, केवल दोपहिया वाहन ही जा सकेंगे। वहीं जामा मस्जिद पुल के पूर्वी छोर से किसी भी प्रकार का वाहन जामा मस्जिद की ओर नहीं जा सकेगा, यहां से केवल पैदल श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति होगी।
इसी तरह बरवालान तिराहा, संभल चौराहा, गलशहीद चौराहा, प्रिंस रोड और जीआईसी चौराहा से जामा मस्जिद की ओर केवल पैदल ही लोगों को जाने दिया जाएगा।
इसके अलावा मिगलानी सिनेमा से संभल चौराहा की ओर किसी भी प्रकार का वाहन नहीं जा सकेगा।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से जामा मस्जिद क्षेत्र की ओर वाहन लेकर न जाएं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे।
