मुरादाबाद। गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे बाईपास किनारे धीमरी गांव में करीब 10 बीघा जमीन पर बनी बाउंड्री को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह जमीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए आरक्षित बताई जा रही है। आरोप है कि इस सरकारी भूमि पर भाजपा के मेयर विनोद अग्रवाल, उनके पार्टनर संजय रस्तोगी और भाजपा नेता ऋषिपाल चौधरी के भाई अमित चौधरी ने बाउंड्री कर कब्जा कर लिया था।
स्कूल निर्माण की जिम्मेदारी यूपी प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को दी गई है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर जब निर्माण के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां बाउंड्री बनी मिली। इसके बाद सूचना पर तहसील की राजस्व टीम मौके पर पहुंची और प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के बाद मेयर विनोद अग्रवाल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने करीब 10 वर्ष पहले यह जमीन आजाद समाज पार्टी के नेता चांद बाबू से खरीदी थी और उसके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। मेयर का आरोप है कि बिना किसी नोटिस के कार्रवाई की गई और इसमें एसडीएम सदर व एक लेखपाल की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही है।
इस दौरान मेयर के बेटे अंकुर अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई कर रही टीम से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर किसके आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है और मौके की फोटो-वीडियो भी कराई।
बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर कार्रवाई हुई है, वहां से होकर 12 मीटर चौड़ी एक पक्की सड़क भी गुजरती है, जिसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उधर प्रशासन की ओर से फिलहाल इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस बुलडोजर कार्रवाई के बाद मुरादाबाद के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है और शुक्रवार को जमीन की दोबारा पैमाइश कराए जाने की बात कही जा रही है।
