मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (दरोगा) भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर मुरादाबाद में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिले में 28 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां चार पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा के दौरान पूरे शहर में लगभग 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सॉल्वर गैंग और नकल माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए एसटीएफ की टीम भी मुरादाबाद में सक्रिय हो गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड में हैं ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
दरअसल प्रदेश में दरोगा के कुल 4,543 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसी के तहत 14 और 15 मार्च को प्रदेशभर में लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। मुरादाबाद में होने वाली परीक्षा में दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से कुल 45,160 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

इनमें दिल्ली से 12,087, मेरठ से 11,396, बुलंदशहर से 10,034, अमरोहा से 1,300, बागपत से करीब 2,000, बरेली से 4,000, बिजनौर से 2,000, गाजियाबाद से 300, रामपुर और संभल से 600-600 तथा हरियाणा से 574 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे।
जिले के 28 परीक्षा केंद्रों में से 19 केंद्रों पर 480-480 और 9 केंद्रों पर 240-240 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार जिन केंद्रों पर 240 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, वहां एक सब इंस्पेक्टर को केंद्र प्रभारी, एक सब इंस्पेक्टर को कंट्रोल रूम और एक सब इंस्पेक्टर को चेकिंग ड्यूटी पर लगाया जाएगा। साथ ही एक हेड कांस्टेबल, दो सिपाही और एक महिला कांस्टेबल की तैनाती रहेगी। वहीं जिन केंद्रों पर 480 अभ्यर्थी होंगे, वहां पुलिस बल की संख्या दोगुनी कर दी जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
उधर, अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। रोडवेज की एआरएम राजवती ने बताया कि परीक्षा के मद्देनजर 14 और 15 मार्च को अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। जिन रूटों पर सामान्य दिनों में दो चक्कर लगाए जाते हैं, वहां अब चार चक्कर लगाए जाएंगे, ताकि भीड़ अधिक होने पर भी यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा रोडवेज बस अड्डे पर अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल फोन चार्जिंग और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं, जिससे परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत न हो। प्रशासन और परिवहन विभाग का दावा है कि सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
