मुरादाबाद। शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा–2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने यह भी देखा कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुसार चेकिंग की जा रही है या नहीं और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से परीक्षा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सघन तलाशी, अभ्यर्थियों की पहचान की जांच और प्रतिबंधित वस्तुओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।

प्रशासन की ओर से परीक्षा को व्यवस्थित और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें@ZAFAR-INN
