मुरादाबाद। देश और प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कथित कमी को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। सपा युवा ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और गैस की किल्लत को लेकर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से चूल्हे का पाइप नाले में डालकर वहां से निकलने वाली गैस से चाय बनाने का प्रयास किया। इसके माध्यम से उन्होंने एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो लोगों को मजबूरी में वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर भी थे, जिन पर एलपीजी गैस की कमी और बढ़ती परेशानियों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई गई थी। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की समस्या के कारण आम लोगों, खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

राहुल सिंह ने कहा कि यदि समय रहते गैस आपूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि आम लोगों की रसोई प्रभावित न हो।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार से इस समस्या के समाधान के लिए जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।
