मुरादाबाद। शहर में बिजली व्यवस्था की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ता ने हजारों रुपये का रीचार्ज कराने के बावजूद 26 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप होने का आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह है कि लगातार शिकायतों के बाद भी न तो समस्या का समाधान हुआ और न ही जिम्मेदार अधिकारी फोन उठाने को तैयार हैं।
पीड़ित उपभोक्ता के अनुसार, 16 मार्च से उसके बुद्धि विहार स्थित घर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जबकि उसके स्मार्ट मीटर का बिल पहले 7297 रुपये था, जिसके सापेक्ष वह 12,015 रुपये का रीचार्ज भी करा चुका है। इसके बावजूद अब तक बिजली बहाल नहीं की गई है।
उपभोक्ता ने बताया कि उसने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, जिसका नंबर PV17032609041 है, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत के दौरान दिए गए नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझा।
सबसे गंभीर बात यह है कि घर में बच्चे की परीक्षाएं चल रही हैं और बिजली न होने के कारण उसकी पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। बावजूद इसके विभागीय उदासीनता बनी हुई है।
मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच चुका है और आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए बनाए गए सिस्टम का क्या औचित्य रह गया है, जब जिम्मेदार ही अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो मामला बड़ा रूप ले सकता है।
