मुरादाबाद। विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित बापू सभागार में मनरेगा, फैमिली आईडी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीडीओ ने बताया कि फैमिली आईडी के तहत स्वतः रोजगार विभाग को 14 हजार और श्रम विभाग को 70 हजार नए लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लक्ष्य 15 दिन के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। साथ ही विकास खंडों में क्रिटिकल गैप के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को दिए गए।
सीडीओ ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं से सीधे वार्ता कर फीडबैक भी लिया जाए। अन्नपूर्णा भवन योजना, पोषण वाटिका और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों को भी तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
अम्बेडकर विशेष रोजगार योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश सभी खंड विकास अधिकारियों को दिए गए। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 18 और 19 मार्च को आयोजित होने वाले मेगा कैंप में स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खोलने और सीसीएल प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में बैंकों में समूहों के एनपीए खातों को कम करने और नियमानुसार बंद कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही सभी राशन कार्ड धारक परिवारों की कम से कम एक महिला को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
लंबित शादी-विवाह अनुदान योजनाओं के आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने और मनरेगा के तहत सभी जॉब कार्ड धारकों की केवाईसी कराने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के अधिक से अधिक आवासों को तीसरी किश्त जारी कर जल्द पूर्ण कराने को कहा गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के आवास प्लस सर्वे-2024 के लाभार्थियों के जॉब कार्ड फीडिंग को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी एवं सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
