संभल तहसील क्षेत्र के मेहराना गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 बीघा सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार बबलू कुमार की अगुवाई में की गई। गांव के निवासी रविराज की शिकायत पर एसडीएम निधि पटेल ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान राजस्व टीम ने जब जमीन की पैमाइश की तो पता चला कि करीब 40 बीघा भूमि पर गैरकानूनी तरीके से खेती की जा रही थी, जबकि लगभग 15 बीघा जमीन पर कई पक्के मकान बने हुए थे। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पशुचर और खलिहान की जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर हटवा दिया।
इस अभियान के दौरान पुलिस और रैपिड रिएक्शन फोर्स की मौजूदगी रही, जिससे पूरे गांव में हलचल मच गई। राजस्व अभिलेखों में दर्ज सरकारी जमीन पर लंबे समय से निजी उपयोग किए जाने का मामला भी सामने आया है।
हालांकि, जिन जगहों पर पक्के मकान बने हैं, उन्हें अभी नहीं गिराया गया है। प्रशासन ने ऐसे सभी निर्माणों को चिन्हित कर लिया है और संबंधित लोगों को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के लिए दो कानूनगो और आठ लेखपालों की टीम बनाई गई थी। अधिकारियों का कहना है कि मकानों से जुड़ी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी और नियमों के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। पैमाइश के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त रखी गई।
