भोजपुर। भारतीय जनता पार्टी ने मुरादाबाद की नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर के लिए नामित सदस्यों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के बाद जारी सूची में लेखराज सैनी, अमरजीत और जावेद इदरीसी को नगर पंचायत का नामित सदस्य बनाया गया है। इस घोषणा के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नामों की घोषणा होते ही नगर पंचायत क्षेत्र में जश्न जैसा माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए और तीनों नवनियुक्त सदस्यों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। जगह-जगह मिठाई बांटी गई और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इज़हार किया।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश कपड़ा उद्योग हैंडलूम यूपिका के डायरेक्टर शराफत हुसैन अंसारी ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर तीनों नामित सदस्यों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि यह नियुक्तियां क्षेत्र के संतुलित विकास और जनहित के कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्ष अर्पित पाल, सभासद तौकीर कुरैशी, यासीन मलिक, नाजिर, रिजवान कुरैशी (डीलर), समाजसेवी वली मोहम्मद, वसीम अंसारी, पूर्व ग्राम प्रधान रिजवान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और आम नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन की मजबूती और क्षेत्रीय विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।

नवनियुक्त सदस्यों ने इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे और नगर पंचायत के विकास, स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे।
नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर में इन नियुक्तियों को संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
