मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए जनपद में 3 माह तक चलने वाले विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ जिला महिला चिकित्सालय से किया। अभियान के पहले दिन 50 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन की खुराक दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कु. भावना, कु. परधी और कु. खुशी को यूविन पोर्टल के माध्यम से जारी टीकाकरण प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले की 38,700 किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, यह टीकाकरण उन किशोरियों के लिए है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने जानकारी दी कि सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जिसे समय पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन के जरिए रोका जा सकता है।
अभियान के अंतर्गत किशोरियों को गार्डासिल-4 (क्वाड्रिवैलेंट 6, 11, 16, 18) एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को इस अभियान में शामिल कराकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित यूनिसेफ, जेएसआई, डब्ल्यूएचओ और सार्ड के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
