मुरादाबाद। चकबंदी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से तहसील ठाकुरद्वारा के ग्राम काजीपुरा ऐ० में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता चकबंदी अधिकारी जुबैर अहमद चतुर्थ ने की, जिसमें बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
चौपाल के दौरान किसानों ने अपनी भूमि संबंधी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। चकबंदी अधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने जानकारी दी कि ग्राम काजीपुरा ऐ० में चकबंदी प्रक्रिया के तहत धारा-9 का प्रकाशन किया जा चुका है, जो कि चकबंदी कार्यवाही का महत्वपूर्ण चरण माना जाता है।
चौपाल में एक अहम मामला अफताब अली पुत्र नन्हें द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें गाटा संख्या 94 के विनिमय अनुपात को 100 पैसा निर्धारित किए जाने की मांग की गई। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित गाटा का स्थलीय निरीक्षण भी कराया गया, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन कर उचित निर्णय लिया जा सके।
इसके अतिरिक्त, चकबंदी अधिकारी ने उपस्थित किसानों से निर्विवाद विरासत (वारिसान) के मामलों पर भी चर्चा की। उन्होंने सहायक चकबंदी अधिकारी, चकबंदीकर्ता एवं चकबंदी लेखपाल को स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी निर्विवाद विरासत के मामलों का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि चकबंदी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। चौपाल के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि शासन किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
