मुरादाबाद। प्रदेश सरकार के कार्यकाल के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शहर स्थित पंचायत भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश स्तर पर आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण भी कराया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी गोपाल अंजान, महापौर विनोद अग्रवाल एवं गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों-कृषि, शिक्षा, आईसीडीएस, उद्योग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में “एक जनपद एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत विनोद, फारूक, इस्लाम, अनिल, अफजल और नरेंद्र कुमार को टूल किट वितरित की गई। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ममता, सन्नू बेग, फहीम और नूरजहां को आवास की चाबियां सौंपी गईं।

इसके साथ ही “लखपति दीदी” योजना के अंतर्गत लक्ष्मी, नन्ही और रेनू को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा राजीव, रमेश कुमार, हृदयेश, प्रेमचंद और कलावती को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति पत्र दिए गए, जबकि निराश्रित महिला पेंशन योजना में पूजा, कांति और प्रीति को लाभान्वित किया गया। पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत रीता शर्मा को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत कलसुम, पूजा सैनी, वीरवती, महेंद्र पाल और वैष्णवी को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, वहीं करतार सिंह को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का प्रमाण पत्र दिया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त और गोपाल अंजान ने प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास” के मंत्र के साथ सरकार प्रदेश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बेहतर कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।

जनपद में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है तथा गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का निर्माण प्रगति पर है। शिक्षा के क्षेत्र में 100 विद्यालयों में नक्षत्र शालाएं, 241 स्कूलों में स्मार्ट क्लास और 45 में आईसीटी लैब स्थापित की गई हैं।
पर्यावरण संरक्षण के तहत 137 अमृत सरोवर बनाए गए हैं। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत रामगंगा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य प्रगति पर है।

खाद्य सुरक्षा के लिए 25.43 करोड़ रुपये की लागत से खाद एवं औषधि प्रयोगशाला का निर्माण कराया गया है। वहीं गौ संरक्षण के तहत जिले में 35 गौ आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें लगभग 7800 गौवंश संरक्षित हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक 20,603 आवास पूर्ण कराए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 12,804 स्वयं सहायता समूह बनाकर 1,40,844 परिवारों को जोड़ा गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है—आयुष्मान भारत योजना के तहत 12,26,707 कार्ड बनाए गए हैं और 2,17,446 लाभार्थियों को उपचार मिला है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला विकास अधिकारी जी.वी. पाठक, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्वेतांक पांडे, डीसी मनरेगा आर.पी. भगत, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
