मुरादाबाद। ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से भोजपुर क्षेत्र में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उलेमा-ए-कराम, मस्जिदों के इमाम और क्षेत्र के जिम्मेदार नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ईद-उल-फितर की नमाज निर्धारित होने वाले दिन सुबह ठीक 9 बजे स्थानीय ईदगाह में अदा की जाएगी। नगर इमाम मौलाना हनीफ मिस्बाही ने सभी लोगों से अपील की कि नमाज के दौरान अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

उलेमा ने आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व खुशियों, भाईचारे और आपसी मेल-जोल का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर इसे मनाएं और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें।
बैठक में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। जिम्मेदार लोगों को अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि नमाज के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

इस अवसर पर मौलाना हनीफ मिस्बाही, मुफ्ती आकिल रजा, मौलाना अब्दुल वाजिद, मुफ्ती हाशिम, कारी रियासत, मुफ्ती रशीद, मुफ्ती शरीफउल हक, मुफ्ती मोहम्मद अहमद, मुफ्ती गयासुद्दीन, मुफ्ती अशफाक अली सहित चेयरमैन पुत्र अर्शलान, शकील, नदीम, मोहम्मद ऐजाज, मतलूब हुसैन, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद इरफान, रिजवान, कमर, गुड्डू और शराफत हुसैन समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
