मुरादाबाद। पंचायत भवन में आयोजित “संकल्प से सिद्धि: सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि” कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य मेले एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुंदरकी भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का प्रयास किया गया, जिससे लोग योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने प्रदेश सरकार के पिछले 9 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि सरकार “सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि” के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों-बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक कल्याण-में हुए विकास कार्यों को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।

विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे आम नागरिकों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे सीधे तौर पर लाभान्वित हो पाते हैं।

उन्होंने मीडिया से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस विकास यात्रा में सहभागी बनें और एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
