मुरादाबाद। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था पर लगाम कसने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में प्रशासन ने कड़े तेवर दिखाए।
जिलाधिकारी अनुज सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की मौजूदगी में हुई इस बैठक में स्कूल बसों की सुरक्षा, रोडवेज संचालन, ब्लैक स्पॉट सुधार और पार्किंग अव्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर ठोस फैसले लिए गए।

बैठक में सबसे पहले स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर फोकस किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आनंद निर्मल ने जानकारी दी कि जिले में संचालित करीब 900 स्कूल बसों में से अब तक लगभग 400 बसों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है, जबकि शेष की जांच प्रक्रिया जारी है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
हाल के दिनों में गुलाब बाड़ी और फव्वारा चौराहे पर रोडवेज बसों से हुई दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी और एसएसपी ने रोडवेज अधिकारियों से जवाब तलब किया। जिलाधिकारी ने वर्ष 2026 में रोडवेज बसों से हुई सभी दुर्घटनाओं और संबंधित चालकों का पूरा विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था पर चर्चा के दौरान एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने रामपुर दोराहे पर बसों द्वारा मनमाने ढंग से सवारियां बैठाने के कारण जाम की समस्या का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बसें केवल निर्धारित स्थानों पर ही रुकेंगी और बस अड्डे के बाहर सवारियां बैठाने-उतारने की परंपरा पर तुरंत रोक लगाई जाए।
नेशनल हाईवे पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना कार्य की समीक्षा भी बैठक में की गई। परियोजना निदेशक एनएचएआई ने बताया कि कैमरे लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है और अप्रैल माह से इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे यातायात नियंत्रण और दुर्घटनाओं की निगरानी में मदद मिलेगी। ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपायों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन स्थानों पर ध्यान देने के निर्देश दिए, जहां नेशनल हाईवे और लोक निर्माण विभाग की सड़कों का मिलान होता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर अक्सर वाहन अचानक हाईवे पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सभी संबंधित विभागों को ऐसे स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने बताया कि संपर्क मार्गों पर रंबल स्ट्रिप लगाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
बैठक में कैच की पुलिया, छजलैट तिराहा, उमरी चौराहा, मझोला थाना क्षेत्र, इस्लामनगर, किला तिराहा, हनुमान मूर्ति, प्रेम वंडरलैंड, रामगंगा सेतु सहित कई चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

इसके अलावा शहर में बैंक्वेट हॉल, होटल और मैरिज हॉल के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न जाम की समस्या पर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई। जिलाधिकारी ने दोहराया कि सभी संस्थानों को अपनी पार्किंग की समुचित व्यवस्था करनी ही होगी, अन्यथा कार्रवाई तय है।
बैठक में एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, एडीएम सिटी ज्योति सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
