मुरादाबाद। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में जनपदभर में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत जनपदीय पुलिस ने विभिन्न बैंक शाखाओं, एटीएम केंद्रों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों के भीतर और बाहर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की बारीकी से जांच की। साथ ही एटीएम बूथों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए वहां आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बैंक शाखाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और अन्य सुरक्षा उपकरणों का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

अभियान के क्रम में बैंक शाखा प्रबंधकों एवं सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ संवाद कर उन्हें सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
