मुरादाबाद। रामगंगा विहार स्थित चर्चित स्पोर्ट्स कारोबारी कुशांक गुप्ता हत्याकांड में अदालत ने अहम फैसला सुनाते हुए कुख्यात गैंगस्टर ललित कौशिक समेत तीन आरोपियों को हत्या और गैंगस्टर एक्ट के तहत दोषी करार दिया है।
एडीजे-5 की अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद ललित कौशिक, केशव शर्मा और खुशवंत उर्फ भीम को अपराध का जिम्मेदार ठहराया, जिससे लंबे समय से चल रहे इस चर्चित केस में सजा को लेकर उत्सुकता का माहौल है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर शहर में पहले से ही व्यापक चर्चा रही है और अब अदालत के फैसले के बाद लोगों की नजरें सजा के ऐलान पर टिक गई हैं। आरोपियों के अधिवक्ता अभिषेक शर्मा ने स्पष्ट किया है, कि तीनों दोषियों को सजा गुरुवार सुबह ठीक 10:30 बजे सुनाई जाएगी।
फैसले के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य आरोपी ललित कौशिक को अदालत के निर्देश पर मुरादाबाद जेल में ही रखा गया है। वहीं, पुलिस और प्रशासन ने भी कल होने वाले फैसले के मद्दे नजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध कर लिए हैं, ताकि सुरक्षा को लेकर कोई चूक ना हो।
