अयोध्या के राजघाट स्थित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही यज्ञ स्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
यह महायज्ञ स्वामी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा था, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कर रहे थे। घटना के समय मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ गोसाईगंज विधायक अभय सिंह भी स्थल पर मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि राजघाट के बाटी वाले बाबा घाट के पास चल रहे इस महायज्ञ में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। मौके पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं, जबकि रेस्क्यू टीम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम कर रही है।
