मुरादाबाद। गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के समापन अवसर पर सामाजिक संस्था ‘परिवर्तन दी चेंज’ ने अपनी सक्रिय भूमिका से स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान को नई दिशा दी। जिला गंगा समिति, मुरादाबाद के तत्वावधान में आयोजित इस पखवाड़े में संस्था ने न केवल जमीनी स्तर पर सफाई अभियान चलाया, बल्कि लोगों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करने में भी अहम योगदान दिया।

पखवाड़े के पहले चरण में 22 मार्च 2026 को ‘परिवर्तन दी चेंज’ संस्था के नेतृत्व में लालबाग स्थित काली माता मंदिर के निकट रामगंगा नदी तट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्था के स्वयंसेवकों ने अधिकारियों के साथ मिलकर करीब 200 किलोग्राम से अधिक कूड़ा एकत्रित किया और उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था की। इस दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संदेश भी दिया।

संस्था के अध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि ‘परिवर्तन दी चेंज’ का उद्देश्य केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में व्यवहारिक परिवर्तन लाना है, जिससे लोग स्वयं स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
पखवाड़े के दूसरे चरण में 28 मार्च 2026 को चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में भी संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रभात फेरी के माध्यम से छात्रों और शिक्षकों ने स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश शहरवासियों तक पहुंचाया।

विद्यालय में आयोजित चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं में ‘स्वच्छ गंगा’ विषय को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया गया। ‘परिवर्तन दी चेंज’ संस्था के सदस्यों ने इन गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, वहीं नमामि गंगे परियोजना से जिला परियोजना अधिकारी पूजा सिन्हा ने गंगा स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। अंत में सभी ने गंगा को स्वच्छ रखने की शपथ ली।

इस पूरे पखवाड़े में ‘परिवर्तन दी चेंज’ संस्था की सक्रियता और समर्पण ने यह साबित कर दिया कि यदि समाज की भागीदारी सुनिश्चित हो, तो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है।
