मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में एक प्रभावशाली प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भदासना स्थित महर्षि दयानन्द सरस्वती लॉ कॉलेज के कैंप कार्यालय में संपन्न हुआ, जिसमें कुंदरकी क्षेत्र के मूंढापांडे और दलपतपुर मंडल के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने विधिवत फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताते हुए कहा कि संगठन की शक्ति उसके प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है।

अपने संबोधन में विधायक ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यपद्धति को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित राजेंद्र सिंह भंडारी (राष्ट्रीय सह-संयोजक), हरजिंदर कौर (क्षेत्रीय सह-संयोजक) एवं आकाशपाल (जिला अध्यक्ष) ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और सेवा भावना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करता है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर बिलारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुरेश सैनी, कुंदरकी के पूर्व प्रत्याशी कमल प्रजापति, मूंढापांडे के ब्लॉक प्रमुख नवदीप यादव, जिला मंत्री चकित चौधरी, मंडल अध्यक्ष मूंढापांडे महेंद्र सिंह सैनी तथा दलपतपुर मंडल अध्यक्ष नीरज चंद्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प लिया गया कि संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और समाज सेवा के कार्यों को गति देने के लिए इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। यह प्रशिक्षण महाअभियान आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।
