मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने अपने कैंप कार्यालय पर जनसुनवाई करते हुए क्षेत्रवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और विकास संबंधी समस्याएं लेकर पहुंचे।
विधायक ने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान ही उनकी प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान बिजली, सड़क, जलापूर्ति, राजस्व और पुलिस से जुड़े कई मामले सामने आए, जिन पर विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों से वार्ता कर समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि जनसेवा उनके लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक पुनीत संकल्प है। उन्होंने कहा, “क्षेत्र की जनता की हर आवाज हमारे लिए महत्वपूर्ण है। समस्याओं का समाधान कराना ही हमारा लक्ष्य है और इसके लिए हम लगातार प्रयासरत हैं।”

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह निरंतर इसी तरह जनसंपर्क और जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे, ताकि लोगों को अपनी बात रखने के लिए किसी प्रकार की असुविधा न हो।
