मुरादाबाद। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. आशु अग्रवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा अभियान की सफलता के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई।
यह रैली सीएमओ कार्यालय से शुरू होकर पीली कोठी होते हुए कंपनी बाग तक निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना तथा वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए आवश्यक उपायों के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान अपर निदेशक ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता, जलभराव से बचाव और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जैसे उपाय अपनाने की अपील की।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
