मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय मऊ, उच्च प्राथमिक विद्यालय मऊ, प्राथमिक विद्यालय भटावली तथा प्राथमिक विद्यालय काजीपुरा का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने मिड डे मील योजना के तहत निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को भोजन उपलब्ध कराए जाने की स्थिति का सत्यापन किया, जो संतोषजनक पाया गया। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि विद्यालयों में नवीन पाठ्य पुस्तकें सभी बच्चों को वितरित कर दी गई हैं।

विद्यालय परिसरों में बने कक्षा-कक्ष, हैंड वॉश एरिया एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न मिलने पर उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापकों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सीडीओ ने विज्ञान प्रयोगशालाओं एवं स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन पर जोर देते हुए कहा कि इन सुविधाओं का समुचित उपयोग बच्चों की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नामांकन बढ़ाने एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विद्यालयों के शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
