मुरादाबाद। जीआरपी अनुभाग मुरादाबाद में तैनात निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर पदोन्नति मिलने पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेलवे मुरादाबाद आशुतोष शुक्ला ने स्वयं उन्हें रैंक प्रतीक (स्टार) लगाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान एसपी रेलवे ने कहा कि दुर्गेश कुमार मिश्र ने अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और उत्कृष्ट कार्यशैली से विभाग में एक अलग पहचान बनाई है। उनकी पदोन्नति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मिश्र अपने नए दायित्वों का निर्वहन भी उसी लगन, ईमानदारी और पेशेवर दक्षता के साथ करेंगे।
इस मौके पर जीआरपी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने फूलमाला पहनाकर और शुभकामनाएं देकर नवप्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक का स्वागत किया। सहकर्मियों ने उनके अब तक के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका व्यवहारिक दृष्टिकोण और नेतृत्व क्षमता उन्हें नई जिम्मेदारियों में भी सफल बनाएगी।
समारोह का वातावरण उत्साह और गर्व से भरा रहा, जहां विभागीय एकता और प्रेरणा का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
