मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र से चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और एक पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पीपलसाना के अवर अभियंता श्री रामबच्चन कुशवाहा ने थाना भोजपुर में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उपकेंद्र की दीवार तोड़कर स्टोर रूम से सामान चोरी कर लिया गया। इस संबंध में थाना भोजपुर पर मु0अ0सं0 103/2026 के तहत धारा 331(4)/305(a)/352/317(2) भारतीय न्याय संहिता में अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में फरदीन पुत्र नवाब अहमद (25 वर्ष) एवं मोहम्मद हसन पुत्र आमिर दूल्हा (28 वर्ष), दोनों निवासी मोहल्ला धर्मपुर आंगा, कस्बा भोजपुर शामिल हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया, जिसमें एक इन्वर्टर, चार इन्सुलेटर, एक सीलिंग फैन मोटर, ट्रांसफार्मर की लोहे की प्लेट, दो लोहे की पत्तियां और एक एग्जॉस्ट फैन शामिल है। इसके अलावा एक पिकअप वाहन (UP21FT9174) को भी सीज किया गया है, जिस पर धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई को थाना भोजपुर पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक शराफत हुसैन, उपनिरीक्षक इजहार अली खां, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल परमजीत सिंह एवं कांस्टेबल अमन कुमार शामिल रहे।
पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है@जफर -INN
