आम आदमी पार्टी (AAP) में हाल ही में हुए बदलावों के बाद राज्यसभा सांसद Raghav Chadha ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक वीडियो संदेश साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मेरी चुप्पी को मेरी हार मत समझिए। मुझे शांत किया गया है, लेकिन मैं पराजित नहीं हूं।” पिछले कुछ समय से उनकी खामोशी और पार्टी के बड़े फैसलों से दूरी को लेकर कई तरह की अटकलें भी लगाई जा रही थीं।
वीडियो संदेश में राघव चड्ढा ने कहा, “जब भी मुझे संसद में बोलने का मौका मिलता है, मैं जनता से जुड़े मुद्दे उठाता हूं। क्या लोगों की समस्याओं को सामने रखना कोई गलती है? क्या मैंने कुछ गलत किया है?”
उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी ने संसद को यह जानकारी दी है कि उन्हें बोलने का अवसर न दिया जाए। “आखिर मेरी आवाज को क्यों दबाया जा रहा है? मैं तो हमेशा आम लोगों की समस्याओं पर ही बात करता हूं,” उन्होंने कहा।
अपने संबोधन में उन्होंने कई मुद्दों का जिक्र किया, जैसे एयरपोर्ट पर महंगे खाने की कीमतें, Zomato और Blinkit के डिलीवरी कर्मचारियों की समस्याएं, खाद्य पदार्थों में मिलावट, टोल प्लाजा और बैंक शुल्क से जुड़ी परेशानियां। इसके अलावा उन्होंने मिडिल क्लास पर बढ़ते टैक्स, कंटेंट क्रिएटर्स पर होने वाली कार्रवाई, और टेलीकॉम कंपनियों की नीतियों को भी संसद में उठाने की बात कही।
चड्ढा ने कहा कि इन मुद्दों से आम जनता को तो राहत मिलती है, लेकिन इससे पार्टी को क्या नुकसान होता है, यह समझ से परे है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि आखिर उनकी आवाज को क्यों रोका जा रहा है।
अंत में उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आपका प्यार और समर्थन ही मेरी ताकत है। आप हमेशा मेरा साथ देते हैं, मुझे हौसला देते हैं। मैं आपका धन्यवाद करता हूं और उम्मीद करता हूं कि आगे भी आप मेरा साथ बनाए रखेंगे। मैं आपसे ही हूं और आपके लिए ही काम करता रहूंगा।”
