मुरादाबाद। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नगर निगम द्वारा विकसित श्री हनुमान वाटिका में आयोजित भव्य सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे में कुंदरकी के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष आयाम प्रदान किया। इस अवसर पर मेयर विनोद कुमार अग्रवाल, नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल सहित निगम कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने न केवल धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की, बल्कि श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति की जीवंतता और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं, जिन्हें संरक्षित और प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति, अनुशासन और उत्साह देखने लायक रहा। “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर सेवा और समर्पण की भावना को साकार किया।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने नगर निगम, आयोजकों और सभी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास तेजी से हो रहा है, जिससे न केवल आस्था को बल मिल रहा है, बल्कि सामाजिक समरसता भी सुदृढ़ हो रही है।

उन्होंने “सेवा ही संगठन” के मूल मंत्र को दोहराते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की सफलता के लिए विधायक ने नगर निगम पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समस्त आयोजकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
