मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने अवैध रूप से भैंस वंशीय पशुओं का कटान कर रहे मांस तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मोहल्ला जामा मस्जिद इलाके में एक घर पर छापेमारी कर पुलिस ने चार आरोपियों को रंगे हाथों हिरासत में लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर मिली। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज जुगेंद्र तेवतिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी अकबर अली के घर दबिश दी। पुलिस की आहट मिलते ही एक युवक छत के रास्ते भाग निकला, जिसे पुलिस पकड़ नहीं सकी।
मौके से हिरासत में लिए गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम अकबर अली, सद्दाम, एहतेशाम और तौसीम बताए, जबकि फरार आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मांस और कटान से जुड़े उपकरण बरामद किए। बरामद सामान में करीब 180 किलो मांस, मांस काटने के औजार, रस्सी, लकड़ी का गुटका, सुम्मी और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा शामिल है। पुलिस ने सभी बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध कटान और मांस तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
