केंद्र शासित प्रदेश दादरा नगर हवेली के दादरा इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां इंडस्ट्रियल नाइट्रोजन गैस सिलेंडर में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि 6 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर ने 4 मौतों की पुष्टि की है, लेकिन विस्फोट के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले की गहन जांच के लिए वलसाड से एफएसएल टीम को बुलाया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
