उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिन्वा ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुसार और पारदर्शी तरीके से की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम बिना कानूनी प्रक्रिया के सूची से नहीं हटाया गया है।
6 जनवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट सूची में राज्य में 12 करोड़ 55 लाख मतदाता थे। इसके बाद दो महीने तक लोगों को नाम जोड़ने और आपत्ति दर्ज करने का मौका दिया गया। इस दौरान मिले सभी आवेदनों की जांच के बाद अंतिम सूची तैयार की गई।
नई सूची में अब कुल मतदाता संख्या बढ़कर 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 हो गई है। यानी ड्राफ्ट सूची की तुलना में करीब 84 लाख से ज्यादा नए मतदाता जुड़े हैं।
जिलों की बात करें तो प्रयागराज, लखनऊ, बरेली, गाजियाबाद और जौनपुर में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं विधानसभा क्षेत्रों में साहिबाबाद, जौनपुर, लखनऊ वेस्ट, लोनी और फिरोजाबाद में नए मतदाताओं की संख्या अधिक रही है।
चुनाव आयोग ने कहा है कि अगर किसी योग्य मतदाता का नाम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है। साथ ही, कोई आपत्ति होने पर 10 अप्रैल से 15 दिनों के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के पास अपील की जा सकती है।
आयोग ने लोगों से अपील की है कि वे अपना नाम वोटर लिस्ट में जरूर चेक करें, ताकि वे अपने मतदान के अधिकार का सही इस्तेमाल कर सकें।
