मुरादाबाद। आगामी डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने थाना ठाकुरद्वारा में थाना प्रभारी मनोज परमार के साथ कार्यक्रम आयोजक समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी ने आयोजकों से विस्तार से संवाद कर जयंती कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी आयोजन परंपरागत तरीके से ही संपन्न कराए जाएं और किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने से पूर्व प्रशासन को अवगत कराना अनिवार्य होगा।

इसके साथ ही डीजे संचालकों को भी सख्त हिदायत दी गई कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पूर्ण पालन करें और किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गीत या अशोभनीय सामग्री का प्रसारण न करें। क्षेत्राधिकारी ने सभी से अपील करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और पुलिस प्रशासन को सहयोग करना आवश्यक है।

थाना प्रभारी मनोज परमार ने भी मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बैठक में आयोजक समिति के सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे और जयंती कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराएंगे।
