मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ। श्रृंगार घाट के पास यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि स्टीमर में करीब 33 लोग सवार थे, जो लुधियाना से बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। हादसे में अब तक 10 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है, जबकि 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, 8 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
रेस्क्यू टीम ने अब तक यमुना से कुल 25 लोगों को बाहर निकाला है। इनमें से कुछ घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी से 10 शव भी बरामद किए जा चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया है, जो लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
हादसे के बाद घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, सभी श्रद्धालु दर्शन के बाद यमुना में स्टीमर से सैर कर रहे थे, तभी पांटून पुल से टकराने के बाद नाव पलट गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
