अमरोहा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद कंवर सिंह तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आधारभूत संरचनाओं में अभूतपूर्व निवेश के कारण उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की राह पर अग्रसर है।

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बुधवार की विशेष बैठक में उपलब्धियों, चुनौतियों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। सांसद ने बैठक में राज्य में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, धार्मिक तथा औद्योगिक क्षेत्रों में हो रहे तेज विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि आज भारत जिस गति और पैमाने पर विकास कार्य कर रहा है, उसकी पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है।

दिशा बैठक आयोजित
अमरोहा में लोकसभा सांसद कंवर सिंह तंवर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में सांसद ने विकास कार्यों में तेजी लाने, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
सांसद कंवर सिंह तंवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विजन 2047’ के तहत भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में बनाई जा रही नीतियों को धरातल पर उतारने के लिए सभी अधिकारियों से ईमानदारी व पूर्ण निष्ठा से कार्य करने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

सांसद ने बैठक में जनसरोकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अधिकारियों को निर्देश दिए।
निर्देश में कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कर दोषियों को चिह्नित कर दंडित किया जाए। रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कालाबाजारी पर पूर्ण अंकुश लगाया जाए। जिला पूर्ति अधिकारी सुनिश्चित करें कि राशन वितरण नियमानुसार हो और किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की समस्या न हो। जनपद में पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध रहें तथा लगातार निगरानी रखी जाए।हर घर जल योजना के शेष कार्यों को प्राथमिकता देकर पूर्ण किया जाए।गर्मी के मौसम को देखते हुए हीटवेव तथा प्रमुख स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा टूटी सड़कों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से ठीक कराया जाए। आएदिन सड़क जाम एवं दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (एनएचएआई) तथा स्टेट हाईवे-51 (गजरौला-चांदपुर) पर अतिक्रमण और अवैध कट बंद कराए जाएं।

नगर पालिकाओं में बरसात से पहले जलनिकास व्यवस्था को सुधारा जाए तथा हाईवे किनारे नालों में जलभराव की समस्या का समाधान किया जाए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाईकर्मियों को अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से निभाने के निर्देश दिए गए। शिकायत वाले गांवों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। ग्रामों में कैंप लगाकर शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी की जाए तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को मकान निर्माण के लिए मिट्टी लाते समय अनावश्यक परेशान न किया जाए। तहसील स्तर पर उप-जिलाधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए जाएं। शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए तथा ई-रिक्शा के लिए सिस्टेमेटिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए।

विद्युत संबंधी आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। एआरटीओ द्वारा विशेष अभियान चलाकर बिना परमिट वाले अवैध वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिस पर सांसद ने जिलाधिकारी से उच्च स्तर पर दिशा-निर्देश लेने को कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक शौचालयों की उपयोगिता, स्वच्छता तथा अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई के मुद्दे भी उठाए गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
सांसद ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित 49 गांवों की सूची उपलब्ध कराने तथा नौगांवा सादात से जोया के लिए चलने वाली इलेक्ट्रिक बस की जानकारी मांगी। नगर पालिका अमरोहा की अध्यक्षा श्रीमती शशि जैन ने निजी विद्यालयों द्वारा स्कूल ड्रेस, कोर्स पुस्तकों एवं फीस में मनमानी तथा आरटीई पोर्टल से जुड़ी समस्याएं उठाईं। सांसद ने जिलाधिकारी को इन मामलों में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों ने सांसद को आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों पर गंभीरता से शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उपस्थित गणमान्य जनों में विशेष रूप से विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, नौगांवा सादात विधायक समरपाल सिंह, एमएलसी सत्यपाल सैनी, ब्लॉक प्रमुख हसनपुर श्रीमती ममता गुर्जर, नगर पालिका हसनपुर अध्यक्ष राजपाल सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव, मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार मिश्र, डीएफओ, डीआरडीए परियोजना निदेशक अम्बरीष कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
