दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्पाइसजेट का B737-700 विमान टैक्सी करते समय अकासा एयर के खड़े विमान से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्पाइसजेट विमान के दाहिने हिस्से का विंगलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं अकासा एयर के विमान के बाएं हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को भी नुकसान पहुंचा।
घटना के तुरंत बाद दोनों विमानों को ऑपरेशन से बाहर कर दिया गया। स्पाइसजेट का विमान फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया है। वहीं अकासा एयर के प्रवक्ता के अनुसार, उनका विमान हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट QP 1406 के लिए तैयार खड़ा था, तभी यह हादसा हुआ। सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की जा रही है।
स्पाइसजेट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि टैक्सीइंग के दौरान यह दुर्घटना हुई, जिसमें दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
