मुरादाबाद। जिले में विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर प्रशासन सख्त नजर आया। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित बापू सभागार में सीएम डैशबोर्ड आधारित मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। कमजोर प्रगति वाले विभागों पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

सबसे ज्यादा सख्ती फार्मर रजिस्ट्री को लेकर दिखाई गई। जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को स्पष्ट चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने 10 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश देते हुए रोजाना प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

दिव्यांग पेंशन और सुविधाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी से सरकारी कार्यालयों में दिव्यांग अनुकूल व्यवस्थाओं की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभागों को निर्धारित मानकों की जानकारी देकर आवश्यक संसाधन सुनिश्चित कराए जाएं, ताकि दिव्यांगजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
फैमिली आईडी योजना की धीमी प्रगति पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी द्वारा संशोधित लक्ष्य की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की समीक्षा में खराब ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन और शिकायत निस्तारण प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए। साथ ही ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए बीते एक वर्ष में दर्ज मामलों और कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई।

बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण, उद्यान, पीएम कुसुम, फसल बीमा और विभिन्न पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, जिला विकास अधिकारी जी.वी. पाठक समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
