मुरादाबाद। जनपद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आया। शुक्रवार को अपर जिला मजिस्ट्रेट मुरादाबाद और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुमार आकाश सिंह ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ उपजिलाधिकारी ठाकुरद्वारा और क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा भी मौजूद रहे।

अधिकारियों की टीम ने थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। गश्त के दौरान आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस बल को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

अपर जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कहा कि जनमानस में सुरक्षा की भावना बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार गश्त, संवाद और सतर्कता बनाए रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला@जफर-INN
