मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद में RTE के प्रभावी क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की समीक्षा करना तथा उनके त्वरित एवं नियमानुसार समाधान के लिए रणनीति तय करना रहा।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि RTE के तहत पात्र बच्चों को निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने, शुल्क प्रतिपूर्ति, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, सत्यापन और सीट आवंटन से जुड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी संबंधित अधिकारी समयबद्ध कार्यवाही करें।
उन्होंने यह भी जोर दिया कि अभिभावकों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर सूचना प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बच्चे इस योजना का लाभ उठा सकें। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि वे RTE के प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें और प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखें।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त (स्वतः रोजगार), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक सहित सी०एल० गुप्ता वर्ल्ड स्कूल, पीएमएस इंटर कॉलेज एवं सेंट मीरा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने स्तर से आ रही व्यावहारिक समस्याओं और सुझावों को साझा किया, जिस पर विस्तृत चर्चा के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि RTE के तहत लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर शिक्षा का अधिकार मिल सके।
