मुरादाबाद। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी कोतवाली सुनीता दहिया द्वारा न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने परिसर में तैनात पुलिस बल की सतर्कता, ड्यूटी की स्थिति एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सीओ कोतवाली ने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, उनकी कार्यप्रणाली तथा सुरक्षा के प्रति उनकी सजगता को परखा। साथ ही न्यायालय परिसर में संचालित प्रचलित अभिलेखों की भी गहन जांच की गई, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि न रहे।

इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज एरिया तथा मॉनिटरिंग सिस्टम की स्थिति को जांचते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जाए।

सीओ सुनीता दहिया ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए जाने हेतु संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि न्यायालय परिसर संवेदनशील स्थल है, जहां सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग व्यवस्था, वाहन पार्किंग एवं प्रवेश-निकास बिंदुओं की सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।
