मुरादाबाद। जनपद के थाना सिविल लाइन्स क्षेत्र स्थित चक्कर की मिलक इलाके में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन के लेन-देन में महज 24 हजार रुपये के बकाये को लेकर रची गई साजिश ने एक दंपति की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल की रात करीब 8 बजे राजा और उसकी पत्नी फरहा की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। मृतक के भाई सुएब की तहरीर पर थाना सिविल लाइन्स में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी फहीम, आरिफ और नवाब जमीन खरीद-फरोख्त का काम करते थे। करीब एक साल पहले उन्होंने राजा को 2 लाख 24 हजार रुपये में एक प्लॉट बेचा था, जिसमें से 24 हजार रुपये बकाया रह गए थे। इसी रकम को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
घटना से एक दिन पहले, 19 अप्रैल को पैसे मांगने गए फहीम पर राजा ने ईंट से हमला कर दिया था, जिससे वह घायल होकर जिला अस्पताल में भर्ती हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान फहीम ने अपने बेटे फरजन्द को इस अपमान का बदला लेने के लिए उकसाया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि फरजन्द ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर राजा के घर पर हमला किया और राजा व उसकी पत्नी फरहा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने घायल आरोपी फहीम को जिला अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि फरजन्द सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
