मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। शास्त्री नगर पुल पर खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में कार से हल्का धुआं निकलता दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भयंकर हो गई कि लपटें दूर से ही नजर आने लगीं। पुल से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन आग की तीव्रता के कारण कोई भी कार के पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मझोला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और करीब 10 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। उनकी मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
फायर स्टेशन ऑफिसर ज्ञान प्रकाश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तेजी से आग पर नियंत्रण पाया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
