मुरादाबाद। जनपद के छह प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 4,941 प्रशिक्षु सिपाहियों की दीक्षांत एवं पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन पुलिस लाइन में किया गया। कार्यक्रम में अनुशासन, समर्पण और उत्साह का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डीजी ट्रेनिंग राजीव सभरवाल मौजूद रहे। उन्होंने परेड की सलामी (मान प्रणाम) ग्रहण की और विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षु सिपाहियों की सुसंगठित ड्रिल और अनुशासन की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिपाहियों को सम्मानित किया गया। सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु का खिताब गौरव कुमार को प्रदान किया गया, जबकि इनडोर टॉपर अनुज और आउटडोर टॉपर दिग्विजय चौधरी सिंह को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर प्रशिक्षुये सिपाहियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर प्रशिक्षु सिपाहियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संदेश भी सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में नव नियुक्त सिपाहियों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने की प्रेरणा दी।

वहीं, मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी प्रशिक्षण केंद्रों में उच्च स्तर की ट्रेनिंग दी गई है, जिससे ये सिपाही हर परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि कठिन प्रशिक्षण के दौरान इन जवानों ने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया है।

एसएसपी ने विश्वास जताया कि ये नव नियुक्त सिपाही प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

समारोह के अंत में परेड ग्राउंड तालियों की गूंज से गूंज उठा और नव नियुक्त सिपाहियों के चेहरे पर देश सेवा का गर्व साफ झलकता नजर आया। यह आयोजन न केवल उनके प्रशिक्षण की सफलता का प्रतीक रहा, बल्कि भविष्य में बेहतर पुलिसिंग की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।
