मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल ने सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, महिला उत्पीड़न, साइबर ठगी एवं अन्य प्रकरणों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिन पर एसएसपी ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर प्रभावी और समयबद्ध होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस अवसर पर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसुनवाई व्यवस्था एवं महिला हेल्पडेस्क को और अधिक सशक्त व संवेदनशील बनाया जाए। उन्होंने कहा कि थाने स्तर पर ही अधिकतम शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो।

एसएसपी ने यह भी कहा कि जिन मामलों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाया जाएगा, उनके लिए संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे। उन्होंने जनपद पुलिस को जनता के प्रति उत्तरदायी और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
