मुरादाबाद। कुंदरकी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सगे भाई ने अपनी ही नाबालिग बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी करीब एक घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर कहानी गढ़ते हुए परिजनों व पड़ोसियों को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे ऑनर किलिंग के एंगल से भी देखा जा रहा है।
घटना फरैंदी गांव की है। यहां के निवासी भारत सिंह, जो मुरादाबाद की एक एक्सपोर्ट फर्म में मजदूरी करते हैं, रविवार को अपने परिवार के साथ एक सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर उनका बड़ा बेटा विक्की (30) और सबसे छोटी बेटी रीता (17) ही मौजूद थे। इसी दौरान विक्की ने किसी धारदार हथियार से रीता का गला रेतकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद विक्की करीब एक घंटे तक बहन के शव के पास ही बैठा रहा। इसके बाद उसने पड़ोस में रहने वाली अपनी चाची को बुलाया और झूठी कहानी गढ़ते हुए कहा कि किसी अज्ञात युवक ने रीता की हत्या कर दी है। हालांकि, चाची ने जब विक्की को देखा तो उसके कपड़े खून से सने हुए थे, जिससे उन पर शक गहरा गया।

इसी बीच रात करीब 12 बजे जब परिवार के अन्य सदस्य घर लौटे, तो घर का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर मां कुसुम ने बेटी को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब वह कमरे में पहुंचीं तो खून से लथपथ रीता का शव फर्श पर पड़ा देख उनकी चीख निकल गई। घटना के समय आरोपी विक्की घर की छत पर बैठा हुआ था। उसने हत्या के बाद अपने हाथ-पैर और मुंह धो लिए थे तथा कपड़े भी बदल लिए थे।

परिजनों के पूछने पर विक्की ने पहले गुमराह करते हुए बताया कि कोई युवक घर में घुसा और रीता की हत्या कर फरार हो गया। लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे वह ज्यादा देर तक नहीं टिक सका और आखिरकार अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सूचना मिलते ही गांव के प्रधान धर्मवीर ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला भाई द्वारा बहन की हत्या का है, लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह की गहराई से जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
