मुरादाबाद। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी अनुज सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर अभ्यर्थियों के आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ टिकट काउंटर और प्रतीक्षालयों का बारीकी से जायजा लिया। बड़ी संख्या में बाहरी जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
डीएम अनुज सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और हेल्प डेस्क जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। साथ ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

वहीं, एसएसपी सतपाल अंतिल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए रेलवे स्टेशन और उसके आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अवांछनीय गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और पारदर्शी माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

इस मौके पर रेलवे, पुलिस और प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन में पूरी तत्परता बरतने के निर्देश दिए गए।
