पश्चिम बंगाल में सोमवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम गया। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंकते हुए जनता से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। प्रचार समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बांग्ला भाषा में एक ऑडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने अपने अनुभव साझा किए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी इस संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनावी अभियान उनके लिए सिर्फ राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि एक तीर्थ यात्रा जैसा अनुभव रहा। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता के स्नेह को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को “पवित्र उत्सव” बताते हुए कहा कि बंगाल के लोगों के बीच रहकर उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने प्रचार के दौरान मिले समर्थन और प्यार के लिए प्रदेश के हर परिवार का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता का संघर्ष नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सामूहिक संकल्प है।
प्रधानमंत्री के अनुसार, राज्य में किए गए रोड शो और जनसभाएं उनके लिए किसी तीर्थ यात्रा से कम नहीं रहीं। उन्होंने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय मिले आध्यात्मिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि वैसी ही ऊर्जा उन्हें बंगाल की जनता के बीच भी महसूस हुई।
