मुरादाबाद। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और लंबित मामलों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।
मंत्री अनिल कुमार ने पिछले माह हुई जिला प्रशासनिक समन्वय समिति (कोर कमेटी) की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आने वाली आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने चकबंदी से जुड़े मामलों की जानकारी लेते हुए संतोष जताया कि अधिकांश प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। बैठक में नगर निगम क्षेत्र में हाल ही में शामिल किए गए 19 गांवों में सफाई व्यवस्था, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम को पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क-नाली निर्माण जैसे कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग की सड़कों के किनारे कूड़ा डाले जाने की शिकायतों पर अधिकारियों ने बताया कि संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं और जल्द ही सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी। इस पर मंत्री ने सख्ती से कार्यवाही करते हुए सड़कों के दोनों ओर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में तैनात लेखाधिकारी के खिलाफ मिल रही लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने मामले की जांच कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को निर्देशित किया गया कि वे जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर छूटी हुई सड़कों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजें।
ग्रीन ऑर्चिड पार्क से रोड मार्ग तक पुलिस पेट्रोलिंग के मुद्दे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में नियमित गश्त की जा रही है।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, विधान परिषद सदस्य सतपाल सिंह सैनी, जिलाधिकारी अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
