मुरादाबाद। जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका भी जताई जा रही है।
घर से बुलाकर ले गए आरोपी
प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) के अनुसार, शिकायतकर्ता फुरकान पुत्र सिराजुद्दीन, निवासी ग्राम मिलक मोहम्मदपुर, थाना भोजपुर ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय भांजी अनम 16 अप्रैल 2026 से उसके घर पर रह रही थी। 26 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे गांव सलावा खेड़ा (थाना छजलैट) निवासी नवाजिश और नूर मौहम्मद उसके घर पहुंचे और किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए।
परिवार ने जताई चिंता, पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। शिकायत में कहा गया है कि किशोरी नाबालिग है और उसे गलत नीयत से ले जाया गया है, जिससे परिवार बेहद चिंतित है।
प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने
FIR में यह भी उल्लेख है कि किशोरी और आरोपियों में से एक के बीच पहले से जान-पहचान और कथित प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
दो आरोपी नामजद, गिरफ्तारी की कोशिशें तेज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इस मामले में दो आरोपियों नवाजिश और नूर मौहम्मद को नामजद किया गया है। दोनों के खिलाफ अपहरण से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग की बरामदगी प्राथमिकता है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा@जफर-INN
