मुरादाबाद। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग और पंचायत राज विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित विभागीय समन्वयक मौजूद रहे।
बैठक में आरटीई योजना की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि 7124 बच्चों का नाम लॉटरी में चयनित हुआ था, जिनमें से अब तक 5747 बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश हो चुका है, जबकि 1377 बच्चे अभी भी दाखिले से वंचित हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि शेष सभी बच्चों का प्रवेश 7 दिन के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के स्तर से खंड शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में दो-दो सदस्यों की छह टीमें गठित की जाएंगी। ये टीमें व्यक्तिगत रूप से स्कूलों में जाकर प्रबंधन से समन्वय स्थापित करेंगी और वंचित बच्चों का दाखिला सुनिश्चित कराएंगी।
बैठक में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए कि नगर क्षेत्र और नगर पंचायतों के स्कूलों में समय से भोजन बनवाने की व्यवस्था पूरी कर ली जाए। वहीं, जिन विद्यालयों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वहां ग्राम पंचायत के सहयोग से एमडीएम शेड निर्माण कराने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए गए।
‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया। जिन स्कूलों में टाइल्स का काम अधूरा है, उनकी सूची उपलब्ध कराने और जहां फर्नीचर की कमी है, वहां डेस्क-बेंच की जरूरत का आकलन कर ग्राम पंचायत के सहयोग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, विद्यालयों में बनाए जा रहे बाल मैत्री शौचालयों का अनिवार्य सत्यापन खंड शिक्षा अधिकारियों से कराने और उनके फोटोग्राफ सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
