गाजियाबाद से एक बड़ी और चिंताजनक घटना सामने आई है। इंदिरापुरम के अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और चारों ओर काले धुएं का घना गुबार फैल गया, जो दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। पूरे परिसर में कुछ समय के लिए दहशत और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने साफ कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात की लगातार निगरानी करने का आदेश दिया है।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, आग करीब साढ़े आठ बजे के आसपास देखी गई थी। फिलहाल राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार फ्लैटों के अंदर किसी के फंसे होने की संभावना कम बताई जा रही है।
