मुरादाबाद। विकास खंड कुन्दरकी के परिषदीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर हमीर, मोहम्मदपुर बस्तौर, लालपुर हमीर तथा संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों का गहन निरीक्षण किया और शिक्षा की गुणवत्ता, साफ-सफाई व पोषण व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर बस्तौर में निपुण टीम द्वारा डिजिटल संदर्शिका के उपयोग का प्रदर्शन किया गया, जिसे सीडीओ ने शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। वहीं प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर हमीर में निपुण ऐप के माध्यम से किए जा रहे छात्र आकलन की जानकारी ली और उसकी प्रगति पर संतोष जताया। कक्षा 2 के बच्चों ने हिंदी और गणित में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी तैयारी का परिचय दिया।
सीडीओ ने कक्षाओं, शौचालयों और हैंडवॉश एरिया का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। मिड-डे मील की गुणवत्ता, साफ-सफाई और निर्धारित मेन्यू के अनुसार वितरण की भी जांच की गई। प्राथमिक विद्यालय लालपुर हमीर में कक्षा 5 के छात्रों ने अंग्रेजी पढ़ने की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिस पर उन्होंने शिक्षिका अंशु अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि 6 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी बच्चों का कक्षा 1 में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए बच्चों को उपहार और चॉकलेट देकर प्रोत्साहित भी किया गया।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र फरीदपुर हमीर और लालपुर हमीर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 3 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्र में नामांकन अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि उन्हें प्रारंभिक शिक्षा और पोषण का लाभ मिल सके।
